स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की चाईबासा सदर अस्पताल में आकस्मिक जांच, एचआईवी लापरवाही मामले में तत्काल कार्रवाई

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की चाईबासा सदर अस्पताल में आकस्मिक जांच, एचआईवी लापरवाही मामले में तत्काल कार्रवाई

Share
Link copied

चाईबासा : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने चाईबासा सदर अस्पताल में अचानक निरीक्षण कर पूरे प्रशासन में हड़कंप मचा दिया। लगभग तीन घंटे की गहन जांच के दौरान अस्पताल के सभी वार्डों, प्रयोगशालाओं और मरीजों की देखभाल व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान थैलेसीमिया मरीज की रिपोर्ट में एचआईवी पॉजिटिव पाए जाने की गंभीर अनियमितता सामने आई। मंत्री ने इसे बेहद गंभीर मानते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए। साथ ही, पीड़ित परिवार को दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा गया। इस मौके पर चाईबासा के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, सिविल सर्जन और स्वास्थ्य विभाग के जांच विशेषज्ञ भी मौजूद रहे।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वर्ष 2023-24 में कुछ बच्चों को संक्रमित प्लाज्मा का ट्रांसफ्यूजन किया गया था। कुल 259 डोनर्स से रक्त एकत्र किया गया, जिनमें से 44 की जांच कराई गई। इनमें चार डोनर्स के एचआईवी पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। मंत्री ने कहा कि मामला गंभीर है और जांच जारी है। रिपोर्ट आने तक अफवाहों और राजनीतिक बयानबाजी से बचना चाहिए।

डॉ. इरफान अंसारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “यदि जांच में किसी की लापरवाही साबित होती है, तो मैं स्वयं उस परिवार की पूरी जिम्मेदारी लूंगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने आगे कहा, “कोल्हान क्षेत्र से चार-चार पूर्व मुख्यमंत्री रहे, लेकिन किसी ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया। आज जब खामियां सामने आ रही हैं, तो उन्हें बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।”

मंत्री ने गलती को स्वीकार करते हुए कहा, “गलती हुई है, मैं स्वीकार करता हूं। मैंने तत्काल कार्रवाई की है, और आगे जांच रिपोर्ट के आधार पर और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।”

भाजपा के आरोपों का जवाब देते हुए डॉ. अंसारी ने कहा, “भाजपा इस गंभीर मामले को राजनीतिक रंग देकर अपनी रोटियां सेंक रही है। 20 वर्षों तक उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था को मजाक बना दिया था। आज स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है, और जनता यह महसूस कर रही है कि अब उनका इलाज बेहतर हो रहा है।”

अंत में स्वास्थ्य मंत्री ने जनता से अपील की, “मैं लगातार स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए दिन-रात काम कर रहा हूं। जनता से अनुरोध है कि मुझे सहयोग दें, और बेवजह की बयानबाजी से बचें।”

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow