चतरा : तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को रौंदा, मौके पर मौत, सगाई के एक सप्ताह बाद टूटी सांसें

चतरा : तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को रौंदा, मौके पर मौत, सगाई के एक सप्ताह बाद टूटी सांसें

Share
Link copied

चतरा : चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र अंतर्गत धनगड्डा घाटी में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान केरेडारी थाना क्षेत्र के जोरदाग गांव निवासी प्रभु साव के पुत्र सुरेंद्र कुमार (उम्र करीब 25 वर्ष) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र कुमार सुबह-सुबह अपने रिश्तेदार के घर सिमरिया थाना क्षेत्र जा रहा था। इसी दौरान धनगड्डा घाटी में विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सहित युवक ट्रक के नीचे आ गया और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही टंडवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है, हालांकि चालक मौके से फरार हो गया। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

दुखद पहलू यह है कि मृतक सुरेंद्र कुमार की सगाई महज एक सप्ताह पहले ही हुई थी। खुशियां मनाते घर में अचानक मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर टंडवा-सिमरिया मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। जाम की वजह से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने-बुझाने और मुआवजे का आश्वासन देने में जुटे हैं।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर धनगड्डा घाटी की खतरनाक सड़क और लापरवाह ड्राइवरों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow