BJP का ‘सरकार आपके द्वार’ पर तीखा हमला, प्रतुल शाह देव बोले – हेमंत सरकार ‘गजनी मोड’ में है
रांची : भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार के महत्वाकांक्षी ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम पर करारा प्रहार किया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने इसे ‘गजनी गवर्नेंस’ करार देते हुए कहा कि सरकार अपनी ही योजनाओं को शुरू करने के बाद भूल जाती है और दो-दो साल तक सोई रहती है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रतुल शाह देव ने प्रेसवार्ता में कहा, “हेमंत सरकार की कार्यशैली बॉलीवुड फिल्म ‘गजनी’ से प्रेरित लगती है। योजना लॉन्च की, प्रचार किया, फिर भूल गए। अचानक चुनाव नजदीक आए तो याद आया कि ‘सरकार आपके द्वार’ नाम का कोई कार्यक्रम भी था। दो साल तक यह योजना कोमा में थी।”
1.5 करोड़ से ज्यादा आवेदनों का क्या हुआ?
BJP प्रवक्ता ने सबसे बड़ा सवाल उठाया कि वर्ष 2021 से 2023 तक चले पहले तीन चरणों में आए कुल 1.49 करोड़ से अधिक आवेदनों का क्या हुआ? उन्होंने बताया 2021 में 35.95 लाख आवेदन, 2022 में 55.44 लाख आवेदन और 2023 में 58.26 लाख आवेदन आए थे।
प्रतुल शाहदेव ने कहा, “सरकार ने आज तक यह नहीं बताया कि इनमें से कितने आवेदकों को न्याय मिला, कितने मामलों का निपटारा हुआ। श्वेत पत्र जारी कर सरकार को जनता को जवाब देना चाहिए। फिलहाल तो लगता है यह कार्यक्रम सिर्फ आवेदन रिसीव करने का ढोंग बनकर रह गया है।”
अंचल कार्यालय लूट का अड्डा बने
प्रतुल शाह देव ने आरोप लगाया कि पहले तीन चरणों में सबसे ज्यादा शिकायतें जमीन विवाद और राजस्व संबंधी थीं, लेकिन हेमंत सरकार में अंचल कार्यालय भ्रष्टाचार और लूट के अड्डे बन गए हैं। “जहां अंचल कार्यालयों की बोली लगती हो, वहां आम आदमी को इंसाफ कैसे मिलेगा?”
सिर्फ फोटो-ऑपर्चुनिटी और शो-बाजी
BJP नेता ने कहा कि ‘सरकार आपके द्वार’ जनता को राहत देने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि नेताओं की फोटो खिंचवाने और शो-बाजी का जरिया बनकर रह गया है। “1.5 करोड़ आवेदनों पर धूल जमी है, काम शून्य है। कैमरे के सामने मुस्कुराने और झूठे आंकड़े पेश करने में सरकार माहिर है। जनता अब जवाब देगी कि झारखंड में ‘गजनी गवर्नेंस’ नहीं चलेगी।”
















