सिमडेगा नगर परिषद क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण बेखौफ जारी, पुराना बेल वृक्ष भी काटा
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : सिमडेगा नगर परिषद क्षेत्र में नियम-कानूनों को ताक पर रखकर सरकारी जमीन पर अवैध पक्का निर्माण का कार्य जोरों पर चल रहा है। अवैध निर्माण करने वाले बड़े-बड़े पेड़ों को काटने में भी संकोच नहीं कर रहे। इससे स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है और प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठ रहे हैं।
शहर के हृदय स्थल मार्केट कंपलेक्स और मेन रोड के बीच सामुदायिक शौचालय के निकट ‘केसरे हिंद’ श्रेणी की सरकारी जमीन प्लॉट नंबर 108 पर यह अवैध निर्माण हो रहा है। इस जमीन का लीज वर्षों पहले समाप्त हो चुका है और नवीनीकरण भी नहीं हुआ है। इसके बावजूद बिना नक्शा पास कराए मकान और दुकानों का पक्का निर्माण बेखौफ जारी है। निर्माण के दौरान वर्षों पुराना बेल वृक्ष भी काटकर फेंक दिया गया।
ज्ञात हो कि पहले लीजधारी व्यक्ति महज 3-5 डेसिमल आवासीय परिसर के लिए लीज लेते थे, लेकिन बाद में तीन-चार गुना अधिक जमीन पर अनाधिकृत कब्जा कर व्यावसायिक उपयोग के लिए पक्का निर्माण कर रहे हैं। यह मामला आसपास के लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
नगर परिषद प्रशासक अरविंद तिर्की ने मामले पर कहा कि बेल वृक्ष काटना और अवैध निर्माण गंभीर मामला है। इस पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

















