सिमडेगा में जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा निःशुल्क विधिक सेवाओं पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

सिमडेगा में जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा निःशुल्क विधिक सेवाओं पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

शंभू कुमार सिंह 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सिमडेगा : जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सिमडेगा की ओर से व्यवहार न्यायालय परिसर में एक जागरूकता स्टॉल लगाया गया, जहां आम जनता को निःशुल्क विधिक सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस स्टॉल के माध्यम से गरीब, असहाय, महिलाओं, दिव्यांगों, वरिष्ठ नागरिकों, अनुसूचित जाति-जनजाति तथा अन्य जरूरतमंद वर्गों को उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत, परामर्श और मध्यस्थता सेवाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में 21 दिसंबर को झालसा (झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार) के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार एवं जिला प्रशासन के संयुक्त सहयोग से नगर भवन में आयोजित होने वाले मेगा इंपावरमेंट कैंप की भी व्यापक जानकारी साझा की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस कैंप में विभिन्न सरकारी विभागों की योजनाओं से वंचित पात्र लाभार्थियों को एक ही छत के नीचे लाभ प्रदान किया जाएगा तथा कानूनी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के सहयोग से विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों (दिव्यांगों) के बीच सहायक उपकरणों का वितरण भी किया गया। उपकरण वितरण जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजीव कुमार सिन्हा के हाथों हुआ। उन्होंने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकार का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

प्राधिकार की सचिव मरियम हेमरोम ने लोगों से अपील की कि वे निःशुल्क विधिक सहायता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और आवश्यकता पड़ने पर प्राधिकार से संपर्क करें। कार्यक्रम में न्यायालय कर्मी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

नई और ताज़ा खबरों के लिए जुड़े रहें — Drishti Now