मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बैंक ऑफ इंडिया अधिकारियों की शिष्टाचार मुलाकात, राज्य कर्मियों के लिए गवर्नमेंट सैलरी पैकेज पर एमओयू की तैयारी
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान बैंक के जनरल मैनेजर गुरु प्रसाद गौंड, जनरल मैनेजर दीप शेखर और असिस्टेंट जनरल मैनेजर अजय पांडेय ने मुख्यमंत्री को राज्य सरकार के साथ प्रस्तावित गवर्नमेंट सैलरी पैकेज को लेकर 23 दिसंबर 2025 को होने वाले समझौता ज्ञापन (एमओयू) की जानकारी दी।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार राज्य कर्मियों को बेहतर कार्य के लिए माहौल प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं और सहूलियतें मुहैया करा रही है। इसी कड़ी में राज्य कर्मियों तथा उनके परिजनों के सुरक्षित जीवन के लिए बैंकों के साथ सैलरी पैकेज जैसी योजनाएं लागू की जा रही हैं।
गौरतलब है कि राज्य सरकार और बैंक ऑफ इंडिया के बीच गवर्नमेंट सैलरी पैकेज पर एमओयू होने वाला है। इस पैकेज के तहत जिन राज्य कर्मियों, अवकाश प्राप्त कर्मियों तथा अनुबंध कर्मियों का सैलरी अकाउंट बैंक ऑफ इंडिया में होगा, उन्हें दुर्घटना बीमा सहित विभिन्न बैंकिंग सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

















