हिंदी साहित्य भारती, झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की बैठक संपन्न
रांची : हिंदी भाषा, साहित्य और संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से हिंदी साहित्य भारती, झारखंड प्रदेश की कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक आज राजधानी रांची के लालपुर स्थित सर्कुलर रोड पर होटल सिटी पैलेस में सफलतापूर्वक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने की, जबकि राष्ट्रीय महामंत्री रामनिवास शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री डॉ. सुनीता कुमारी ने किया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक की शुरुआत नवगठित प्रदेश इकाई की औपचारिक घोषणा से हुई, जिसमें पदाधिकारियों का परिचय और उनके दायित्वों की चर्चा की गई। संगठन की भावी दिशा, संरचना और कार्ययोजना पर विस्तृत विमर्श हुआ।
मुख्य अतिथि रामनिवास शुक्ल ने राष्ट्रीय स्तर पर संगठन के कार्यों की जानकारी साझा की और झारखंड इकाई के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने हिंदी को सांस्कृतिक चेतना एवं सामाजिक एकता का आधार बताते हुए इसे गांव-गांव और जिले-जिले तक विस्तार देने की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण पर जोर देते हुए नियमित बैठकें, सक्रिय जिला इकाइयां और अनुशासित कार्यप्रणाली को मजबूती का आधार बताया। उन्होंने मासिक ऑनलाइन एवं ऑफलाइन बैठकों की अनिवार्यता तथा सदस्यों की व्यापक भागीदारी का आह्वान किया।
बैठक में कोष संग्रह पर गंभीर चर्चा हुई और गतिविधियों के लिए पारदर्शी एवं व्यावहारिक उपायों पर सहमति बनी। जिला स्तर पर संगठन विस्तार के लिए प्रत्येक जिले में सक्रिय इकाइयों के गठन की कार्ययोजना तय की गई। प्रदेश प्रभारी डॉ. अरुण कुमार सज्जन ने वैचारिक प्रतिबद्धता, अनुशासन और दीर्घकालिक रणनीति पर अपने विचार व्यक्त किए।
सभी सदस्यों से विचार-सुझाव आमंत्रित किए गए, जिसमें शंकर दुबे, प्राचार्य विजय कुमार शर्मा, डॉ. अटल पांडेय, अधिवक्ता अशोक कुमार शुक्ला, मनीष अरविंद, अमित नाथ चरण, पूजा रत्नाकर, गया प्रसाद राय, बजरंग बर्मा, संजीव दत्ता, बलराम पाठक, अमित कुमार कश्यप, नवीन कुमार राय आदि ने बहुमूल्य सुझाव दिए।
इसके अलावा राजेश कुमार, सुरेन्द्र सिंह, देवानंद राय, आलोक झा, वीर बहादुर सिंह, प्रीत यादव, सुकुमार झा, अनिकेत सिंह, संजीत राम, मुकेश साहू सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

















