शहीद निर्मल महतो की जयंती पर आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने अर्पित की श्रद्धांजलि
रांची : झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता एवं शहीद निर्मल महतो की जयंती पर आजसू पार्टी के प्रमुख तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने सिल्ली स्थित झारखंड मोड़ पर उनकी प्रतिमा पर पहुंचकर नमन किया तथा माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर सुदेश महतो ने कहा कि शहीद निर्मल महतो ने आजसू पार्टी की स्थापना कर झारखंड आंदोलन को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान की थी। उनके बलिदान से आजसू को उग्र संघर्ष का रास्ता अपनाने की प्रेरणा मिली, जिसके फलस्वरूप 1989 में केंद्र सरकार आजसू से वार्ता करने को मजबूर हुई। श्री महतो ने आगे कहा कि आजसू पार्टी निर्मल महतो के सपनों का झारखंड बनाएगी तथा सामाजिक न्याय के लिए निरंतर संघर्ष जारी रखेगी।
कार्यक्रम में जयपाल सिंह, सुनील सिंह, संजय सिद्धार्थ सहित कई पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


















