सिमडेगा में वीर बाल दिवस पर विचार गोष्ठी आयोजित, पूर्व विधायक कोचे मुंडा बने मुख्य अतिथि
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : वीर बाल दिवस के पावन अवसर पर सिमडेगा नगर में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक कोचे मुंडा रहे। इस दौरान सिख धर्म के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के अद्वितीय साहस, त्याग और बलिदान को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।
मुख्य अतिथि कोचे मुंडा ने अपने संबोधन में कहा कि साहिबजादों ने कम उम्र में ही अत्याचार के सामने झुकने से इनकार कर दिया और धर्म तथा सत्य की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा, “उनका जीवन देश की नई पीढ़ी के लिए साहस, आत्मसम्मान और राष्ट्रभक्ति की महान प्रेरणा स्रोत है।”
विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर देवराज प्रसाद ने कहा कि वीर बाल दिवस केवल इतिहास को याद करने का दिन नहीं है, बल्कि बच्चों और युवाओं में नैतिक मूल्यों, वीरता तथा देशप्रेम की भावना को मजबूत करने का अवसर है।
कार्यक्रम की शुरुआत वीर साहिबजादों की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने साहिबजादों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री दीपक पुरी ने किया।
मौके पर कार्यक्रम संयोजक अनुप केशरी, सह-संयोजक शंभु भगत एवं सत्यनारायण प्रसाद, अनिरुद्ध सिंह, महामंत्री मुकेश श्रीवास्तव, दुर्गविजय सिंहदेव, रवि गुप्ता, मंडल अध्यक्ष चंदन प्रसून, दीपनारायण दास, बसंत मांझी, संटू गुप्ता, रवि वर्मा, राकेश कुमार, विश्वनाथ मिश्रा, गौतम कुमार, महाबीर बड़ाईक, अशोक जायसवाल, अमित कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

















