सिमडेगा में ओबीसी आरक्षण के विरोध में तीव्र आक्रोश , मुख्यमंत्री का किया पुतला दहन
सिमडेगा में ओबीसी आरक्षण के विरोध में तीव्र आक्रोश , मुख्यमंत्री का किया पुतला दहन

नरेश शर्मा / सिमडेगा
सिमडेगा नगर निकाय चुनाव में ओबीसी को आरक्षण नहीं देने के विरोध में सिमडेगा शहर में तीव्र आक्रोश देखने को मिला। पिछड़ा जाति नगर निकाय संघर्ष मोर्चा के बैनर तले सैकड़ों लोगों ने मसाल जुलूस निकालकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया।
जुलूस शाम में प्रिंस चौक से प्रारंभ हुआ, जहां बड़ी संख्या में युवा, बुजुर्ग एवं महिलाएं मशाल लेकर जुटे। जुलूस मुख्य सड़क मार्ग से होते हुए नीचे बाजार की ओर निकला। इस दौरान ‘मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुर्दाबाद’, ‘झारखंड सरकार होश में आओ’, ‘ओबीसी को आरक्षण देना होगा’ सहित कई नारों से शहर का माहौल गूंज उठा।
जुलूस महावीर चौक पहुंचकर सभा में परिवर्तित हुआ, जहां मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। मौके पर मोर्चा अध्यक्ष रामजी यादव ने कहा कि सिमडेगा नगर निकाय के 20 वार्डों में ओबीसी की आबादी 41% से अधिक है, इसके बावजूद आरक्षण नहीं देकर झारखंड सरकार महत्त्वपूर्ण वर्ग के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा ओबीसी आरक्षण के साथ चुनाव कराने का निर्देश होने के बावजूद सिमडेगा में पालन नहीं किया गया, जबकि गुमला, लोहरदगा सहित अन्य जिलों में आरक्षण दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांग नहीं मानी गई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
विरोध कार्यक्रम में विष्णु महतो, संतु गुप्ता, रवि गुप्ता, दिलीप प्रसाद, विष्णु दयाल शर्मा, अनूप केसरी, रमेश महतो, सुबोध महतो, बजरंग प्रसाद, धनंजय केसरी, गौतम कुमार सहित सैकड़ों समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शन में सैकड़ो की सँख्या में महिलाओं की भूमिका रही।


















