पलामू पुलिस ने फर्जी IPTAFS अधिकारी को किया गिरफ्तार, फर्जी आईडी और नेम बोर्ड बरामद

पलामू पुलिस ने फर्जी IPTAFS अधिकारी को किया गिरफ्तार, फर्जी आईडी और नेम बोर्ड बरामद

Share
Link copied

पलामू : पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो खुद को फर्जी रूप से भारतीय डाक एवं दूरसंचार लेखा एवं वित्त सेवा (IPTAFS) का अधिकारी बताकर लोगों को गुमराह कर रहा था। आरोपी ने पहले खुद को IAS अधिकारी बताया, लेकिन संदेह होने पर अपना बयान बदल दिया।

पुलिस के अनुसार, 2 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 4 बजे आरोपी राजेश कुमार (उम्र 35 वर्ष, पिता- स्व. राम किशोर राम, गांव- कुकही, थाना- हैदरनगर, जिला- पलामू) अपने रिश्तेदार के जमीन विवाद में पैरवी कराने हुसैनाबाद थाना पहुंचा। उसने थाना प्रभारी से मिलते हुए खुद को 2014 बैच का ओडिशा कैडर IAS अधिकारी बताया और वर्तमान में भुवनेश्वर के खरवेला नगर में चीफ अकाउंट्स ऑफिसर (CAO) के पद पर तैनात होना बताया। पूछताछ में उसने देहरादून, हैदराबाद और भुवनेश्वर में पोस्टिंग की बात कही, लेकिन अलग-अलग राज्यों में पोस्टिंग का जिक्र होने पर संदेह हुआ। बाद में उसने खुद को UPSC से चयनित IPTAFS अधिकारी बताया, जो IAS के समकक्ष होता है।

संदेह होने पर थाना प्रभारी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को सूचना दी। प्रारंभिक जांच और गांव वालों से पूछताछ में पता चला कि आरोपी कोई सरकारी अधिकारी नहीं है। उसे थाने बुलाकर पूछताछ की गई, जहां उसने कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह पिछले 6-7 वर्षों से फर्जी अधिकारी बनकर घूम रहा था। उसके पिता का सपना था कि वह IAS बने, लेकिन UPSC परीक्षा में चार बार असफल होने के बाद उसने परिवार और रिश्तेदारों से झूठ बोला कि वह IPTAFS अधिकारी बन गया है।

पुलिस ने उसके पास से फर्जी आईडी कार्ड (Govt. of India, A.P. Circle, Sanchar Lekha Bhawan, Hyderabad पर CAO के पद का उल्लेख, वैधता 31.12.2020 तक), Vivo मोबाइल फोन (नंबर- 9006542629), लाइब्रेरी कार्ड और चाणक्य IAS अकादमी का आईडी कार्ड, हुंडई Era कार (रजिस्ट्रेशन JH01Z-4884) पर लगा फर्जी नीला नेम बोर्ड (Govt. of India, CAO, Department of Telecommunication लिखा हुआ) बरामद किया गया।

इस मामले में हुसैनाबाद थाना में कांड संख्या 01/26 दर्ज की गई है। धारा 204/205/336(2)/336(3)/337/339/340(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जांच और छापेमारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एस. मोहम्मद याकूब, थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow