सिमडेगा के केरसई में एकीकृत जेंडर रिसोर्स सेंटर का शुभारंभ, महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) एवं कम्युनिटी लेवल फेडरेशन के सहयोग से सिमडेगा जिले के केरसई प्रखंड में एकीकृत जेंडर रिसोर्स सेंटर (जीआरसी) का शुभारंभ किया गया। इस केंद्र का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला परिषद उपाध्यक्ष श्रीमती सोनी पैंकरा ने किया। यह पहल महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा, लैंगिक न्याय और आजीविका सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
यह मॉडल पारंपरिक महिला सहायता या आजीविका केंद्रों से अलग है, क्योंकि इसमें लैंगिक न्याय से जुड़े मामलों में सहायता, परामर्श सेवाएं और कौशल विकास एवं रोजगार समर्थन को एक ही प्लेटफॉर्म पर एकीकृत किया गया है। केंद्र के माध्यम से महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, अधिकारों एवं पात्रताओं की जानकारी, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न जैसे मामलों में रेफरल सहायता प्रदान की जाएगी। यह महिला एवं बाल विकास विभाग, वन स्टॉप सेंटर तथा कानूनी सेवा प्राधिकरणों के साथ समन्वय में कार्य करेगा।
साथ ही, महिलाओं को करियर काउंसलिंग, कौशल प्रशिक्षण, रोजगार जुड़ाव, उद्यमिता मार्गदर्शन, ऋण सुविधा एवं मेंटरशिप जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस एकीकृत व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य सामाजिक हिंसा या जेंडर बेस्ड वायलेंस (जीबीवी) से प्रभावित महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। जेंडर आधारित हिंसा के मामलों को आजीविका समर्थन से जोड़कर महिलाओं की सुरक्षा के मूल कारणों पर कार्य किया जा सकेगा और दीर्घकालिक सशक्तिकरण सुनिश्चित होगा।
यह पहल मौजूदा कम्युनिटी लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) के संस्थागत ढांचे के भीतर संचालित की जा रही है, जिससे यह समुदाय-आधारित, कम लागत वाली और अन्य प्रखंडों एवं जिलों में आसानी से विस्तार योग्य बनती है। यह ग्रामीण विकास, सामाजिक कल्याण, कौशल विकास एवं वित्तीय समावेशन से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के साथ अभिसरण को भी बढ़ावा देगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्रीमती सोनी पैंकरा ने महिलाओं पर होने वाली घरेलू हिंसा, डायन कुप्रथा, बाल विवाह एवं नशाखोरी से जुड़े सामाजिक दुर्व्यवहारों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे जेंडर रिसोर्स सेंटर के संचालन से समाज में जेंडर संबंधित हिंसा, नशाखोरी एवं बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं पर लगाम लगेगी।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि केरसई, जिला परिषद सदस्य केरसई, प्रखंड प्रमुख केरसई, थाना प्रभारी केरसई, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी केरसई तथा जेएसएलपीएस के सभी स्टाफ उपस्थित रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

















