झारखंड: गुमला में भीषण सड़क हादसा, तिलकुट बेचने जा रहे 4 लोगों की मौत, 2 घायल
गुमला : झारखंड के गुमला जिले में आज सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है। एनएच-23 (गुमला-रांची मुख्य मार्ग) पर भरनो थाना क्षेत्र के अंतर्गत भड़गांव के समीप गुरुवार की अहले सुबह तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा (डंपर) ने एक पिकअप वैन को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में पिकअप वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सभी मृतक और घायल रांची जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। वे तिलकुट (तिल के लड्डू) बेचने के लिए रांची से गुमला की ओर जा रहे थे। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर यह यात्रा मौत का सफर बन गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पूरी तरह तबाह हो गया, और घटनास्थल पर ही चार लोगों ने दम तोड़ दिया। घायल लोग सड़क पर तड़पते रहे, जिसके बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर भरनो थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
घायलों को तत्काल एंबुलेंस से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया है। अज्ञात डंपर की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर जांच जारी है।

















