मेदिनीनगर में दिन-दहाड़े गोलीकांड: पूर्व मुखिया नवीन प्रसाद और दुकानदार अजीत गुप्ता गंभीर रूप से घायल

मेदिनीनगर में दिन-दहाड़े गोलीकांड: पूर्व मुखिया नवीन प्रसाद और दुकानदार अजीत गुप्ता गंभीर रूप से घायल

Share
Link copied

मेदिनीनगर (पलामू) : झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर टाउन में गुरुवार सुबह अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर पूर्व मुखिया नवीन प्रसाद और एक दुकानदार अजीत गुप्ता।को गोली मार दी। दोनों घायलों को गंभीर हालत में मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के कांदू मोहल्ला में हुई। जानकारी के अनुसार, पूर्व मुखिया नवीन प्रसाद अपने क्षेत्र में कंबल वितरण को लेकर स्थानीय लोगों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधी मौके पर पहुंचे और नवीन प्रसाद को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

नवीन प्रसाद बचाव के लिए पास की एक दुकान में घुस गए, लेकिन अपराधियों ने दुकान के अंदर घुसकर भी फायरिंग जारी रखी। इस दौरान दुकानदार अजीत गुप्ता को भी गोली लग गई। नवीन प्रसाद को सीने में और अजीत गुप्ता को हाथ में गोली लगी है।

पूर्व मुखिया नवीन प्रसाद की पत्नी पहले नगर निगम से वार्ड पार्षद रह चुकी हैं, जिसके चलते यह घटना राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है। अपराधियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है। अभी तक अपराधियों की पहचान नहीं हो पाई है और न ही फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट हुई है। पुलिस इसे गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है, संभवतः पुरानी रंजिश या अन्य कारण हो सकते हैं।

ABOUT THE AUTHOR
drishtinow

drishtinow