चतरा में 28 दिनों से लापता मुन्नी का शव पहाड़ पर बरामद, पूरे इलाके में सनसनी
चतरा में 28 दिनों से लापता मुन्नी का शव पहाड़ पर बरामद, पूरे इलाके में सनसनी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
चतरा, 24 जनवरी — झारखंड के चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांगपुर गांव से 28 दिसंबर 2025 से लापता 15 वर्षीय दिव्यांग किशोरी मुन्नी कुमारी उर्फ रानू कुमारी का शव शनिवार को गांव के निकट पहाड़ी क्षेत्र में मिला है। शव मिलने की सूचना पर पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार, मुन्नी कुमारी (पिता का नाम: निर्मल राणा) पैरों से दिव्यांग थीं। 28 दिसंबर को वह घर के पास अन्य बच्चों के साथ पिकनिक पर गई थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों ने तुरंत गिद्धौर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच दल (SIT) गठित किया था।
जंगलों, जलाशयों और आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन की मदद से लगातार खोजबीन की गई। पुलिस ने सूचना देने वाले को 50,000 रुपये का इनाम भी घोषित किया था।शनिवार को ग्रामीण पहाड़ की ओर गए थे, जहां से आने वाली तेज दुर्गंध पर खोजबीन शुरू हुई।
जांच के दौरान एक किशोरी का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही गिद्धौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने शव की पहचान मुन्नी कुमारी के रूप में की। पहचान होते ही परिवार रो-रोकर बेसुध हो गया, जबकि गांव में मातम का माहौल छा गया।
मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं
पुलिस की प्रारंभिक जांच में शव के आसपास कोई स्पष्ट हिंसा के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन दिव्यांग होने के कारण किशोरी का पहाड़ पर कैसे पहुंचना संभव हुआ, यह सवाल अभी अनुत्तरित है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का सटीक कारण सामने आएगा। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
परिजनों और ग्रामीणों की अपील
परिजन और स्थानीय लोग न्याय की मांग कर रहे हैं। इस घटना ने पूरे चतरा जिले में सुरक्षा और बच्चों की निगरानी को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

















