20260203 181907

सिमडेगा नगर परिषद चुनाव: सेराफीनूश कुल्लू ने अध्यक्ष पद के लिए दाखिल किया नामांकन, भूषण बाड़ा बोले- जनता योग्य को चुनेगी

शंभू कुमार सिंह 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सिमडेगा : सिमडेगा नगर परिषद चुनाव की नामांकन प्रक्रिया जोरों पर है। मंगलवार को कांग्रेस विधायक एवं जिला अध्यक्ष भूषण बाड़ा तथा कांग्रेस महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष एवं जिप सदस्य जोसिमा खाखा की मौजूदगी में समाजसेवी सेराफीनूश कुल्लू ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान विभिन्न वार्डों से कई पार्षद प्रत्याशियों ने भी अपना नामांकन प्रस्तुत किया।

नामांकन से पहले सभी प्रत्याशी और उनके समर्थक बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर चौक से आईटीडीए कार्यालय स्थित आरओ ऑफिस तक एक संयमित और अनुशासित रैली निकालकर पहुंचे। रैली निर्धारित मार्ग से गुजरी और निर्वाचन अधिकारियों के निर्देशों के अनुसार कड़ी आचार संहिता का पालन किया गया।

विधायक भूषण बाड़ा ने नामांकन के बाद कहा, “चुनाव लोकतंत्र का सबसे बड़ा पर्व है। हमारी प्राथमिकता है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, शांतिपूर्ण और प्रशासनिक निर्देशों के अनुरूप हो। जनता जिसको योग्य समझेगी, वही विजयी होगा। हमारा दायित्व केवल इतना है कि चुनावी माहौल सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित रहे।” उन्होंने जिला प्रशासन की तैयारियों की सराहना की और मतदाताओं से शांति व संयम बनाए रखते हुए मतदान में भाग लेने की अपील की।

जिप सदस्य जोसिमा खाखा ने कहा कि नामांकन मात्र औपचारिकता नहीं, बल्कि जिम्मेदारी की याद दिलाने वाला क्षण है। प्रत्याशियों को आचार संहिता का पालन करते हुए जनता के प्रति जवाबदेही सर्वोपरि रखनी चाहिए। नगर परिषद चुनाव शहर के विकास की नई दिशा तय करता है। जितनी स्वच्छ प्रक्रिया होगी, उतना मजबूत परिणाम आएगा। उन्होंने महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को सकारात्मक बताते हुए स्थानीय शासन में उनकी सशक्त भूमिका पर जोर दिया।

अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सेराफीनूश कुल्लू ने नामांकन के बाद अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि उनका सफर छात्र जीवन से शुरू हुआ। छात्र चुनावों में सक्रिय रहने के बाद नौकरी में गए, लेकिन सामाजिक सरोकारों से कभी दूर नहीं हुए। कैथलिक संघ, जनसेवक संघ के जिला अध्यक्ष और झारखंड राज्य कर्मचारी महासंघ से जुड़कर उन्होंने कर्मचारियों और आम लोगों के कई मुद्दों पर निर्णायक कदम उठाए।

उन्होंने कहा, “मेरा लक्ष्य सिर्फ पद नहीं, बल्कि सिमडेगा के विकास, पारदर्शिता और सेवा भावना को मजबूत आधार देना है। युवा, महिला, मजदूर, कर्मचारी, व्यापारी और आम नागरिक की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर होगा। जनता का समर्थन मेरी सबसे बड़ी शक्ति है और उसी भरोसे के साथ मैं विकास की नई दिशा देने को तत्पर हूं।”

Share via
Share via