टी20 वर्ल्ड कप 2026: छठे दिन तीन रोमांचक मुकाबले, भारत-नामीबिया की भिड़ंत से होगा दिन का समापन
नई दिल्ली : आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में आज यानी 12 फरवरी को टूर्नामेंट का छठा दिन है, जिसमें तीन ग्रुप स्टेज मैच खेले जाएंगे। सह-मेजबान श्रीलंका से लेकर भारत तक, कई टीमें मैदान में उतरेंगी और फैंस को पूरे दिन क्रिकेट का डोज मिलेगा।
पहला मैच श्रीलंका बनाम ओमान (ग्रुप बी) पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, कंडी (श्रीलंका) में सुबह 11:00 बजे IST से शुरू होगा। सह-मेजबान श्रीलंका इस मैच में मजबूत दिख रही है, जबकि ओमान को चुनौती पेश करने के लिए बड़ा प्रयास करना होगा।
दूसरा मुकाबला नेपाल बनाम इटली (ग्रुप सी) का होगा, जो दोपहर 3:00 बजे IST से मुंबई के प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। नेपाल ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था और अब अपनी पहली जीत की तलाश में होगी, वहीं इटली को स्कॉटलैंड से मिली हार का बदला लेना है।
दिन का सबसे बड़ा और सबसे रोमांचक मैच भारत बनाम नामीबिया (ग्रुप ए) होगा, जो शाम 7:00 बजे IST से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। घरेलू मैदान पर टीम इंडिया अपनी धमाकेदार शुरुआत जारी रखना चाहेगी, जबकि नामीबिया ने पिछले संस्करणों में भी बड़े टीमों को टक्कर दी है। फैंस के लिए यह मैच पूरे दिन का हाइलाइट रहेगा।


















