सिमडेगा में ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ का भव्य शुभारंभ, डीसी बोलीं – केवल आंकड़े नहीं, स्थायी बदलाव लक्ष्य
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: नीति आयोग के आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ का शुभारंभ जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दनगद्दी में धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन उपायुक्त कंचन सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे, उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करके किया।
अतिथियों का पारंपरिक शॉल ओढ़ाकर और पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। बोलबा विद्यालय के बच्चों ने आकर्षक स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया, साथ ही बाल विवाह मुक्त झारखंड विषय पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जन जागरूकता फैलाई।
यह अभियान 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 तक चलेगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े प्रमुख सूचकांकों पर मिशन मोड में कार्य किया जाएगा।
उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा, “अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल आंकड़ों में सुधार नहीं, बल्कि समाज में स्थायी और वास्तविक परिवर्तन लाना है। इसे एक जन-आंदोलन का रूप देकर हर पात्र लाभुक तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने बताया कि वर्ष 2018 से चल रहे आकांक्षी जिला कार्यक्रम में सिमडेगा ने हालिया रैंकिंग में नौवां स्थान हासिल किया है, जबकि बांसजोर प्रखंड 32वें स्थान पर रहा। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जिले को तीन करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि मिली है।
अब अभियान में छह नए प्रमुख संकेतकों पर फोकस किया जाएगा, जिनमें पूर्ण टीकाकरण,सीपोषण स्तर में सुधार, शिक्षा में नामांकन और उपस्थिति, कार्यशील शौचालयों की उपलब्धता और कृषि उत्पादकता में वृद्धि शामिल हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां योजनाओं की जानकारी दी गई और लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। अंत में सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और मौजूद लोगों ने सिमडेगा को स्वस्थ, समर्थ और समृद्ध बनाने का संकल्प लिया।

















