तुर्की में शराब के नशे में की गई ‘गधे वाली’ चोरी: फोर्कलिफ्ट से तोड़ा दुकान का शटर, 150 ग्राम सोना उठाया और गधे पर सवार होकर भागा चोर!
काइसेरी (तुर्की) : दुनिया में चोरों के अजीबोगरीब अंदाज देखने को मिलते रहते हैं, लेकिन तुर्की के काइसेरी शहर में हुई यह घटना सचमुच हैरान करने वाली है। एक 26 वर्षीय शख्स ने शराब के चक्कर में रात के अंधेरे में एक ज्वेलरी दुकान में सेंध लगाई। उसने पहले एक चोरी की गई फोर्कलिफ्ट (लिफ्टिंग मशीन) से दुकान का शटर और खिड़की तोड़कर अंदर घुसा, करीब 150 ग्राम (लगभग 15 तोला) 14 कैरेट सोने के आभूषण चुराए और फिर सबसे कमाल की बात यह रही कि भागने के लिए गधे का इस्तेमाल किया!
सीसीटीवी फुटेज में पूरा ड्रामा कैद हो गया है – चोर दुकान में घुसता दिख रहा है, सोने के गहने (रिंग्स, नेकलेस, ब्रेसलेट) झटकता है और फिर बाहर निकलकर इंतजार कर रहे गधे पर सवार होकर सड़कों से निकल भागता है। पुलिस का कहना है कि यह घटना मेलिकगाजी जिले में फरवरी की शुरुआत में हुई, जहां आरोपी पहले गधे पर सवार होकर घूम रहा था और नशे में धुत था।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पहचान आसानी से हो गई। पुलिस ने तलाशी ली, चोर को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया और छिपाए गए सोने के गहनों को बरामद करके दुकानदार को वापस लौटा दिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया और उसे जेल भेज दिया गया।
यह विचित्र चोरी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है, जहां लोग मजाक उड़ा रहे हैं – “कार की जगह गधा? यह तो असली ‘गेटअवे डॉंकी’ है!” तुर्की पुलिस ने इस घटना को “असामान्य भागने की कोशिश” बताया है, लेकिन चोर की किस्मत ने उसे नहीं छोड़ा – नशे में की गई चालाकी आखिरकार पकड़ी गई!


















