20260214 125036

कोलेबिरा में अंजान शाह पीर बाबा की मजार पर दो दिवसीय उर्स: विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी और भूषण बाड़ा ने चढ़ाई चादर, अमन-चैन की दुआ मांगी

सिमडेगा/कोलेबिरा : झारखंड के सिमडेगा जिले के कोलेबिरा थाना परिसर में स्थित अंजान शाह पीर बाबा (हजरत सैयद सूफी शाह कयामुद्दीन) की प्रसिद्ध मजार पर दो दिवसीय सालाना उर्स का आयोजन जोर-शोर से चल रहा है। इस पावन अवसर पर कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी और सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा ने मजार पर पहुंचकर विधिवत चादर चढ़ाई और जिले में सुख-शांति, भाईचारा तथा अमन-चैन की दुआएं मांगीं।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

दोनों विधायकों ने मुख्य सड़क मार्ग से पैदल चलकर मजार तक पहुंचे और मुख्य चादर चढ़ाकर प्रदेश व जिले की तरक्की, सामाजिक सौहार्द तथा सद्भाव की कामना की। उर्स कमेटी के सदस्यों ने उन्हें फूल-मालाओं से स्वागत कर सम्मानित किया।

विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने कहा, “अंजान शाह पीर बाबा का मजार कौमी एकता और आपसी भाईचारे का जीवंत प्रतीक है। यहां हर धर्म और समुदाय के लोग एक साथ माथा टेकते हैं, जो हमारी गंगा-जमुनी तहजीब को दर्शाता है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव और एकजुटता को मजबूत करते हैं।”

वहीं विधायक भूषण बाड़ा ने कहा, “उर्स केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता का उत्सव है। बाबा के दरबार में हाजिरी लगाकर मैंने जिलेवासियों की खुशहाली, किसानों की उन्नति और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दुआ मांगी है।”

उर्स के दौरान दूर-दराज के इलाकों से हजारों श्रद्धालु (जायरीन) मजार पर पहुंचकर अपनी मन्नतें मांग रहे हैं और मनोकामनाएं पूरी होने पर चादर चढ़ा रहे हैं। मजार परिसर में कव्वाली, मिलाद शरीफ और लंगरखानी का आयोजन किया जा रहा है, जो सभी के बीच भक्ति और एकता की भावना को बढ़ावा दे रहा है।

प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। पुलिस बल तैनात रहा और मेला परिसर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखी गई। इस अवसर पर उर्स कमेटी के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में जिले में शांति, सद्भाव और विकास की कामना की।

Share via
Share via