रांची नगर निगम एवं बुंडू नगर पंचायत चुनाव: मतगणना की तैयारियां पूरी, 27 फरवरी को होगी काउंटिंग
रांची : झारखंड के नगर निकाय चुनाव-2026 के अंतर्गत रांची नगर निगम और बुंडू नगर पंचायत के मतों की गिनती के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर उप विकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया की अध्यक्षता में आज ट्रांसपोर्ट नगर रिंग रोड स्थित बज्रगृह (मतगणना स्थल) पर एक महत्वपूर्ण संयुक्त ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य 27 फरवरी 2026 को होने वाली मतगणना को सुव्यवस्थित, पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना था। इस दौरान मतगणना में तैनात पुलिस पदाधिकारियों और दंडाधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। इनमें मतगणना हॉल में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखना, अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध, बैलट बॉक्सों की सुरक्षित हैंडलिंग और गणना टेबलों पर सतत निगरानी, आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई और राज्य निर्वाचन आयोग के सभी नियमों एवं दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन शामिल है।
सौरभ कुमार भुवनिया ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा, “नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 की मतगणना को पूर्ण पारदर्शिता और शांतिपूर्ण माहौल में पूरा करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का पूर्ण निष्ठा और सजगता से निर्वहन करें।”
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, अनुमंडल पदाधिकारी बुंडू किस्टो कुमार बेसरा, पंचायती राज पदाधिकारी राजेश कुमार साहू, जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह सहित मतगणना से जुड़े अन्य सभी संबंधित पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
ट्रांसपोर्ट नगर स्थित बज्रगृह मतगणना स्थल पर सुरक्षा घेरा, उचित प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैठने की सुविधा और अन्य सभी लॉजिस्टिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन द्वारा निरंतर समन्वय और निरीक्षण जारी है ताकि पूरी प्रक्रिया सुचारु रूप से चले।


















