सिमडेगा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बोलबा में एक एकड़ अवैध अफीम की खेती नष्ट, एक आरोपी गिरफ्तार
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा जिले के बोलबा थाना क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों की खेती के खिलाफ पुलिस ने तेज कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर बोलबा थाना अंतर्गत खंडानिशान भंडार टोली में करीब एक एकड़ जमीन पर लगी अफीम (पोस्ते) की फसल को ट्रैक्टर से रौंदकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। साथ ही इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
डीएसपी मुख्यालय रणवीर सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि एसपी सिमडेगा को गुप्त सूचना मिली थी कि बोलबा थाना क्षेत्र के खंडानिशान भंडार टोली में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना मिलते ही डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और मौके पर छापेमारी की गई। जांच में पाया गया कि एक एकड़ जमीन पर अफीम के पौधे लगे हुए थे, जो पूरी तरह विकसित हो चुके थे।
मजिस्ट्रेट और सीओ बोलबा की मौजूदगी में पुलिस ने ट्रैक्टर की मदद से पूरी फसल को नष्ट कर दिया। इस दौरान जमीन के मालिक अरुण धनवार (रैयत) को गिरफ्तार कर लिया गया। डीएसपी ने बताया कि अभियुक्त अरुण धनवार की जमीन पर बाहर के कुछ लोग आकर अफीम की खेती कर रहे थे। पुलिस अन्य संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी हुई है। मामले में बोलबा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड दर्ज किया गया है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अफीम की खेती में इस्तेमाल होने वाली कई वस्तुएं जब्त कीं, जिनमें 5 लोहे के कुदाल (बांस का हैंडल लगा), लाल रंग का HONDA GK 200 पंप मशीन, हरा रंग का 20 फीट लंबा सेक्शन पाइप, लोहे की बाल्टी, 5 लीटर का पैट्रोल/डीजल गैलन, अफीम के फलों में चीरा लगाने के लिए लकड़ी में बंधा ब्लेड और एक खुला ब्लेड सहित कई सामान शामिल है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध अफीम खेती और नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। यह कार्रवाई नशे के खिलाफ सख्ती का संकेत है।
















