‘यह सड़क मुसलमानों के लिए नहीं है’ लिखकर लगाई नफरत की स्याही, पुलिस ने दर्ज किया केस, दिल्ली-देहरादून हाईवे पर सनसनी
दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे (एनएच-72ए) पर मुस्लिम विरोधी आपत्तिजनक संदेश लिखे जाने का मामला सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। हाईवे के किनारे और एलिवेटेड आयरन ब्रिज की रेलिंग पर स्प्रे पेंट से हिंदी में “यह सड़क मुसलमान के लिए नहीं है” और अंग्रेजी में “This road is not allowed for Muslims” लिखा गया मिला।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घटना उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के बेहटगढ़ (बिहारीगढ़) थाना क्षेत्र में हुई, जो उत्तराखंड बॉर्डर के निकट है। एक वायरल वीडियो में कुछ लोग पेंट से ये संदेश लिखते दिख रहे हैं। वीडियो में हिंदू रक्षा दल से जुड़े होने का दावा किया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी संगठन का नाम आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं की है।
एनएचएआई (राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) के एक कर्मचारी की शिकायत पर बेहटगढ़ पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की।
यह घटना सार्वजनिक संपत्ति पर नफरत फैलाने और सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश के रूप में देखी जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है और वीडियो के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

















