5 दिनों से लापता युवक का शव संदिग्ध हालत में बरामद, पुरानी रंजिश में हत्या का शक
चतरा : झारखंड के चतरा जिले में एक बार फिर हत्या की आशंका से इलाके में खलबली मच गई है। शहर से सटे जयशंकर नगर सजना गांव के निवासी 28 वर्षीय अनिश कुमार सिंह का शव शनिवार को जिला नियोजनालय कार्यालय के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। युवक पिछले पांच दिनों से लापता चल रहा था, जिसके बाद परिजनों ने सदर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। रो-रोकर हालत बिगड़ गई। परिजनों के मुताबिक, अनिश 3 मार्च की शाम घर से निकले थे और उसके बाद कभी नहीं लौटे। रात भर इंतजार के बाद रिश्तेदारों-परिचितों के यहां तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पत्नी शीतल देवी ने सदर थाने में गुमशुदगी का आवेदन दिया।
मृतक के भाई मनीष कुमार ने बताया कि गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए उन्हें थाने में 4-5 घंटे भटकना पड़ा। कई बार दौड़ाने के बाद ही आवेदन लिया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने सिर्फ एसआईटी जांच का आश्वासन दिया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लापता होने के दौरान युवक का बैग और चप्पल मिल चुके थे, फिर भी आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच नहीं कराई गई।
परिजनों की आशंका है कि युवक की हत्या कर शव को नियोजनालय के पास फेंका गया है। दो दिन पहले वे उसी जगह पहुंचे थे, तब कोई शव नहीं था। उन्होंने पुरानी रंजिश में दोस्तों के हाथों हत्या की आशंका जताई है।
सदर थाना प्रभारी ने बताया कि गुमशुदगी रिपोर्ट मिलने के बाद जांच शुरू थी। शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया गया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

















