बोकारो में भीषण सड़क हादसा: ट्रक से टकराई हुंडई क्रेटा, एक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
बोकारो : धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग पर तेलमोचो पुल के निकट एक बार फिर सड़क हादसे ने दहशत फैला दी है। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक और हुंडई क्रेटा कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मृतक की पहचान देवेंद्र कुमार के रूप में हुई है। घायल अजय कुमार तिवारी को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हुंडई क्रेटा कार धनबाद से बोकारो की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल अजय कुमार तिवारी को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में ओवर स्पीडिंग या लेन में गलत तरीके से चलने की आशंका जताई जा रही है।

















