Six-decade-old Rajdanda Bridge collapses in torrential rain.

मूसलाधार बारिश में छह दशक पुराना राजदंडा पुल ध्वस्त, महुआडांड़–डाल्टनगंज मार्ग बंद

पिलर धंसते ही भरभराकर नीचे गिरा पुल का हिस्सा, बास्करचा होकर कराया जा रहा वाहनों का परिचालन

लातेहार। शनिवार देर शाम हुई मूसलाधार बारिश के बाद लातेहार जिले में महुआडांड़–डाल्टनगंज मुख्य मार्ग पर बड़ा हादसा हो गया। ग्राम राजदंडा के समीप राजदंडा नदी पर बना करीब छह दशक पुराना पुल तेज जलधारा का दबाव नहीं झेल सका। नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण पुल का एक पिलर धंस गया, जिसके बाद पुल का एक हिस्सा भरभराकर नीचे जा गिरा। पुल के क्षतिग्रस्त होने से सड़क भी बुरी तरह प्रभावित हुई है।

RKDF
advertisement

उफनती नदी के बीच धंसा पुल का पिलर

ग्रामीणों के अनुसार, राजदंडा नदी पर बने इस पुल का निर्माण वर्ष 1960-65 के आसपास हुआ था। शनिवार को क्षेत्र में हुई भारी बारिश के बाद नदी अचानक उफान पर आ गई। पानी का बहाव इतना तेज था कि नदी का पानी पुल के ऊपर से बहने लगा। इसी दौरान तेज जलधारा के दबाव में पुल का एक पिलर धंस गया और देखते ही देखते पुल का हिस्सा नीचे गिर गया।

पुल की मौजूदा स्थिति बेहद खतरनाक बताई जा रही है। प्रशासन ने किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए मुख्य मार्ग पर आवागमन रोक दिया है। क्षतिग्रस्त पुल के पास से पैदल गुजरना भी जोखिम भरा है।

Kashmir vastaralay
Advertisment

बास्करचा होकर चल रहे वाहन

पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद महुआडांड़–डाल्टनगंज मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए बास्करचा होकर महुआडांड़ तक वाहनों का परिचालन कराया जा रहा है।

रविवार को पुल की स्थिति देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुल टूटने से आसपास के गांवों के लोगों, विद्यार्थियों, नौकरी-पेशा लोगों और अन्य यात्रियों के सामने आवागमन का संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह पुल दशकों से क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग रहा है। इसके क्षतिग्रस्त होने से आसपास के कई इलाकों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

पुलिस ने की पुल से दूर रहने की अपील

पुल की जर्जर और खतरनाक स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी ने ग्रामीणों और राहगीरों से क्षतिग्रस्त पुल को पार नहीं करने की अपील की है। लोगों से सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करने को कहा गया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि पुल का बचा हुआ हिस्सा भी अचानक ध्वस्त हो सकता है, इसलिए लोग मौके के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं और अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now

Drishti Now

वरिष्ठ संवाददाता

झारखंड की राजनीति, प्रशासन और स्थानीय खबरों पर लंबे समय से रिपोर्टिंग कर रहे हैं।