बजट पेश होने से ठीक पहले दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, स्पीकर विजेंद्र गुप्ता और मेट्रो स्टेशन भी निशाने पर
नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा में आज बजट पेश होने वाला था, लेकिन सुबह-सुबह दो धमकी भरे ईमेल आने से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। विधानसभा की आधिकारिक ईमेल पर 7:28 बजे और स्पीकर विजेंद्र गुप्ता की पर्सनल ईमेल पर 7:49 बजे धमकी पहुंची, जिसमें कहा गया कि दोपहर 1:11 बजे विधानसभा बिल्डिंग और शाम 9:11 बजे विधानसभा मेट्रो स्टेशन को बम से उड़ा दिया जाएगा।
ईमेल में खालिस्तान रेफरेंडम का जिक्र भी किया गया है। धमकी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। स्निफर डॉग स्क्वॉड को विधानसभा परिसर में भेजा गया और गहन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। दिल्ली पुलिस, बम डिस्पोजल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर तैनात। अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
यह घटना दिल्ली में हाल के दिनों में आई कई बम धमकियों की कड़ी है। सुरक्षा एजेंसियां ईमेल की जांच कर रही हैं और मूल स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं। धमकी को गंभीरता से लिया जा रहा है। अपडेट्स के लिए बने रहें।


















