चैती नवरात्र में उमड़ा आस्था का सैलाब, बोलबा के मां वनदुर्गा मंदिर में रोज हो रही भव्य महाआरती
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर बोलबा स्थित मां वनदुर्गा मंदिर में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। चैती नवरात्र के दौरान मां वनदुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए प्रतिदिन भक्तों का सैलाब मंदिर परिसर में देखा जा रहा है।
चैत्र शुक्ल पंचमी के दिन मां स्कंदमाता की विशेष पूजा विधि-विधान से संपन्न की गई। इस अवसर पर मंदिर में भव्य महाआरती का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर के पुरोहितों द्वारा नवरात्र के प्रथम दिन से लेकर नवमी तक माता के विभिन्न स्वरूपों की नियमित पूजा-अर्चना की जा रही है।
मंदिर परिसर में प्रतिदिन भजन-कीर्तन, महाआरती और महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जा रहा है। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद बांटा गया। इस दौरान महिलाओं को सुहाग सामग्री, पुरुषों को अष्टगंध चंदन और बहनों को चुनरी भेंट की गई, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में झारखंड के साथ ही ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और बिहार से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है और मंदिर परिसर में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रहती है।
इस आयोजन को सफल बनाने में मां वनदुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष ज़हूरण रौतिया, सचिव जगरनाथ रौतिया सहित अरुण रौतिया, हरिराम रौतिया, कलिंदर रौतिया, केसरी रौतिया, रूपलाल रौतिया, बलराम रौतिया, गजेंद्र रौतिया, शंकर रौतिया, देवकी, उर्मिला रौतिया, जानकी रौतिया, पद्मिनी रौतिया, कैलाश रौतिया, शशि कुमार, नीलांबर महतो एवं समस्त मालसाड़ा ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा।


















