कंस्ट्रक्शन साइट आगजनी मामले में 3 उग्रवादी गिरफ्तार, PLFI के नाम पर मांगी गई थी लेवी
शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा पुलिस ने जलडेगा थाना क्षेत्र में कंस्ट्रक्शन साइट पर हुई आगजनी की घटना का खुलासा करते हुए तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी देते हुए सर्किल इंस्पेक्टर भिखारी राम ने बताया कि 25 जनवरी की रात कारीमाटी स्थित एसएमआरवी कंस्ट्रक्शन कंपनी के अस्थायी कैंप में खड़े वाहनों में अज्ञात लोगों द्वारा आग लगा दी गई थी। घटना के दौरान उग्रवादियों ने लेवी की मांग करते हुए पीएलएफआई के नाम पर पर्चा भी चिपकाया था।
पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए पहले ही 9 उग्रवादियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वहीं, इस घटना में शामिल कुछ अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। जांच के क्रम में पुलिस ने फरार तीन उग्रवादियो सुनील उरांव, सुबोध बड़ाइक और शिवा सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सर्किल इंस्पेक्टर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और पुलिस अन्य फरार उग्रवादियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय उग्रवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

















