हजारीबाग की घटना पर झारखंड में उबाल, रांची-जमशेदपुर समेत कई जिलों में प्रदर्शन
रांची/जमशेदपुर : झारखंड के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में 12 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और निर्मम हत्या की घटना को लेकर पूरे राज्य में आक्रोश फैल गया है। घटना के विरोध में सोमवार को रांची और जमशेदपुर सहित कई जिलों में जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला।
जमशेदपुर में भाजपा महानगर महिला मोर्चा ने जिला मुख्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया और इस जघन्य अपराध के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं, जिन्होंने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
इस दौरान जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू भी धरना स्थल पर मौजूद रहीं। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है।
पूर्णिमा साहू ने कहा कि पुलिस पेट्रोलिंग को मजबूत करने के लिए हाल ही में नई गाड़ियां तो दी गई हैं, लेकिन उनका समुचित उपयोग नहीं हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संसाधनों की कमी नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति की कमी के कारण ऐसी दर्दनाक घटनाएं सामने आ रही हैं।
उन्होंने मांग की कि इस मामले के दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि समाज में सख्त संदेश जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


















