शराब घोटाले में आरोपी IAS विनय चौबे को डिफॉल्ट बेल मिलने पर सरकार पर बरसे बाबूलाल मरांडी

शराब घोटाले में आरोपी IAS विनय चौबे को डिफॉल्ट बेल मिलने पर सरकार पर बरसे बाबूलाल मरांडी

Share
Link copied

रांची: झारखंड की सियासत में शराब घोटाले को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि शराब घोटाले के आरोपी आईएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे को डिफॉल्ट बेल मिलना सरकार और एसीबी (ACB) की विफलता का परिणाम है।

मरांडी ने आरोप लगाया कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में जेल में बंद विनय चौबे के खिलाफ एसीबी समय पर चार्जशीट दाखिल नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि एसीबी ने चौबे और उनके परिवार की संपत्तियों की जांच की, जिसमें कथित तौर पर अवैध और बेनामी संपत्तियों के तथ्य सामने आए, बावजूद इसके कार्रवाई अधूरी रही।

उन्होंने यह भी दावा किया कि शराब घोटाले में चौबे की भूमिका स्पष्ट रूप से सामने आई थी और कई आईएएस अधिकारियों ने उनके खिलाफ अदालत में गवाही भी दी। इसके बावजूद चार्जशीट दाखिल न होना गंभीर सवाल खड़े करता है।

मरांडी ने एसीबी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एजेंसी का इस्तेमाल राजनीतिक और गैर-राजनीतिक विरोधियों को परेशान करने, दबाव बनाने और “भयादोहन” के लिए किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी एसीबी के कार्यों पर संज्ञान लिया है।

नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि विनय चौबे की गिरफ्तारी शुरुआत से ही “बड़ी मछलियों को बचाने” की रणनीति का हिस्सा थी। पिछले 10-11 महीनों में जांच के नाम पर सिर्फ दिखावा किया गया और जनता की आंखों में धूल झोंकी गई।

मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए मरांडी ने कहा कि सत्ता का दुरुपयोग कर जांच को प्रभावित किया जा सकता है, लेकिन अंततः कानून अपना काम करेगा। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि इतिहास गवाह है कि सत्ता के दम पर कानून का दुरुपयोग करने वालों का अंजाम अच्छा नहीं होता।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।