अवैध विदेशी शराब के साथ फरार आरोपी गिरफ्तार, 196 बोतल शराब पहले ही हो चुकी थी जब्त
सिमडेगा जिले के जलडेगा क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी कृष्णा सिंह को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 25 मार्च 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिंहारजोर जामडीह स्थित कृष्णा सिंह के घर में अवैध विदेशी शराब का भंडारण कर बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक सिमडेगा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने उसी दिन जामडीह स्थित आरोपी के घर और दुकान पर छापेमारी कर तलाशी ली। इस दौरान पुलिस ने कुल 196 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद कर विधिवत जब्त किया। हालांकि छापेमारी के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया था।
इस मामले में जलडेगा (बांसजोर ओपी) थाना कांड संख्या 21/26, दिनांक 25.03.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 271/272/292/318(4) एवं झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था।
पुलिस के प्रयासों के फलस्वरूप आखिरकार 09 अप्रैल 2026 को आरोपी कृष्णा सिंह (उम्र 45 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
















