रांची की विकास यात्रा में जुड़ा एक और अध्याय, ₹303 करोड़ की दो एनएचएआई परियोजनाओं का शिलान्यास

रांची की विकास यात्रा में जुड़ा एक और अध्याय, ₹303 करोड़ की दो एनएचएआई परियोजनाओं का शिलान्यास

Share
Link copied

रांची : राजधानी रांची की विकास यात्रा में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शुक्रवार को ₹303 करोड़ की लागत से दो अहम सड़क अवसंरचना परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर रामपुर चौक (रांची–जमशेदपुर रोड जंक्शन) के समीप ओवरब्रिज तथा विकास चौक, इरबा (रांची–हजारीबाग जंक्शन) के पास आधुनिक भूमिगत टनल का निर्माण शामिल है। मंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएँ शहर में यातायात को सुगम बनाने, जाम की समस्या कम करने और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएँगी।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान संजय सेठ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश का इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड में वर्तमान में करीब ₹45,000 करोड़ की लागत से 1500 किमी से अधिक सड़क परियोजनाओं पर काम चल रहा है, जिससे राज्य में कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिल रही है।

17 हजार करोड़ की नई परियोजनाओं की तैयारी

मंत्री ने जानकारी दी कि आने वाले समय में झारखंड में लगभग ₹17,000 करोड़ की लागत से 450 किमी नई सड़क परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। इसमें वाराणसी–कोलकाता एक्सप्रेसवे का महत्वपूर्ण हिस्सा भी शामिल है, जो क्षेत्रीय व्यापार और संपर्क को मजबूती देगा। इसके अलावा रांची में ₹6000 करोड़ की लागत से आउटर रिंग रोड निर्माण की भी घोषणा की गई है, जो राजधानी के विस्तार और यातायात प्रबंधन के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है।

कई परियोजनाएं प्रगति पर

राज्य में चल रही प्रमुख परियोजनाओं में गोला–ओरमांझी सड़क (करीब 90% पूर्ण), ओरमांझी फ्लाईओवर, घोरालिंग, फुलदुंगरी और बहरागोड़ा में अंडरपास, चिल्गु नदी पर पुल (2027 तक पूर्ण), इटकी और चांडिल में रेल ओवरब्रिज, चरही और चुटुपालू घाटी में सड़क चौड़ीकरण, रांची–महुलिया सड़क सुदृढ़ीकरण और कोडरमा–मेघातरी सड़क परियोजना शामिल हैं। इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने से झारखंड में बेहतर सड़क नेटवर्क, तेज़ परिवहन और समग्र आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक राजेश कच्छप, मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।