अवैध संबंध के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो चाचा और चाची गिरफ्तार
गोड्डा : झारखंड के गोड्डा जिले के महगामा क्षेत्र में अवैध संबंध के शक में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान नीरज कुमार यादव के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस ने दो चचेरे चाचाओं और एक चाची को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घटना 8 अप्रैल की रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। डायल 112 पर संजीव कुमार यादव ने सूचना दी कि एक युवक उनके घर में घुसकर बदमाशी कर रहा है। सूचना मिलते ही पथरगामा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक युवक हाथ-पैर बंधा हुआ गंभीर रूप से घायल हालत में मिला। पुलिस ने घायल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरगामा पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक नीरज कुमार यादव का अपने चचेरे चाचा संजीव कुमार यादव की पत्नी पिंकी देवी (40 वर्ष) के साथ पिछले 3-4 वर्षों से अवैध संबंध था। इसको लेकर पहले भी कई बार पंचायतें हो चुकी थीं और दोनों परिवारों के बीच विवाद होता रहता था। घटना की रात नीरज छत फांदकर अपनी चाची से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान संजीव यादव ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया।
गुस्से में आकर संजीव कुमार यादव ने अपने भाई दिवाकर यादव के साथ मिलकर नीरज की लाठी और अन्य हथियारों से जमकर पिटाई कर दी। पिटाई इतनी गंभीर थी कि नीरज की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक के पिता इंद्रदेव यादव के लिखित बयान के आधार पर पथरगामा थाने में मामला दर्ज किया गया। गोड्डा पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों—संजीव कुमार यादव, दिवाकर यादव और पिंकी देवी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए सामान भी बरामद किए हैं, जिनमें बांस की लाठी, हथौड़ा, रस्सी (जिससे हाथ-पैर बांधे गए थे) और एक मोबाइल फोन शामिल हैं। तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।















