जमशेदपुर: मेहंदी कुमारी के लिए न्याय की मांग तेज, उबला शहर; विधायक सरयू राय ने लिया इलाज का जिम्मा
जमशेदपुर: मेहंदी कुमारी के लिए न्याय की मांग तेज, उबला शहर; विधायक सरयू राय ने लिया इलाज का जिम्मा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जमशेदपुर: बिष्टुपुर में चाय दुकान पर काम करने वाली युवती मेहंदी कुमारी पर खौलती चाय फेंकने की बर्बर घटना के खिलाफ शहर का आक्रोश सड़कों पर उतर आया है। शनिवार को आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग को लेकर सोनारी से लेकर डीसी कार्यालय तक जोरदार प्रदर्शन हुआ।
क्षत्रिय संघ ने निकाली आक्रोश रैली, उमड़ी महिलाओं की भीड़
झारखंड क्षत्रिय संघ की सोनारी इकाई के बैनर तले शनिवार को विशाल विरोध रैली निकाली गई। इस रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया और ‘दोषियों को फांसी दो’ के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन और एसएसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
उनकी मुख्य मांगें हैं:
घटना के सभी फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी।
पीड़िता के इलाज का संपूर्ण खर्च प्रशासन द्वारा वहन करना।
मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई।
विधायक सरयू राय ने बढ़ाया मदद का हाथ
पीड़िता की गंभीर स्थिति और परिवार की आर्थिक तंगी को देखते हुए जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने बड़ा आश्वासन दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेहंदी के इलाज में पैसे की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। राय ने कहा कि इलाज का सारा खर्च वे स्वयं सुनिश्चित करेंगे। वहीं, टाटा स्टील प्रबंधन ने भी मानवीय आधार पर बकाया बिल के बावजूद टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में इलाज जारी रखने पर सहमति जताई है।
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि 6 अप्रैल की रात बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में एक चाय दुकान पर बदमाशों ने हमला बोला था। इस दौरान वहां काम करने वाली कुम्हारपाड़ा (सोनारी) निवासी मेहंदी कुमारी पर बदमाशों ने खौलती हुई चाय फेंक दी थी, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। हमले के दौरान दुकान में तोड़फोड़ भी की गई थी।
पुलिसिया कार्रवाई पर सवाल
घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस अब तक केवल एक आरोपी को ही गिरफ्तार कर पाई है। अन्य आरोपी अब भी पुलिस की पहुंच से बाहर हैं, जिसे लेकर स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोग पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।














