गोड्डा में 23 वर्षीय महिला का संदिग्ध हालात में मिला शव, दहेज हत्या का आरोप

गोड्डा जिले के बलबड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत छगराहा गांव में सोमवार को 23 वर्षीय महिला का शव उसके घर में फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही मेहरमा और बलबड्डा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान बिहार के भागलपुर जिले के एकचारी निवासी गुड़िया कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
मृतका की मां यशोदा देवी ने पुलिस को बताया कि उन्होंने बेटी की शादी में करीब तीन लाख रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से 50 हजार रुपये नकद और गहनों की मांग की जा रही थी। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर गुड़िया को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का कहना है कि इसी प्रताड़ना के कारण उसकी हत्या की गई है।
वहीं, मृतका के पति रंजीत दास ने बताया कि सोमवार सुबह दोनों के बीच मामूली विवाद हुआ था। इसके बाद वह काम के लिए बाहर चले गए थे। वापस लौटने पर उन्होंने पत्नी को फंदे से लटका हुआ पाया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों द्वारा दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया गया है। आवेदन मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
















