नन्हे तैराक ईशांक सिंह को भाजपा नेताओं ने घर जाकर किया सम्मानित, विश्व रिकॉर्ड पर जताया गर्व

नन्हे तैराक ईशांक सिंह को भाजपा नेताओं ने घर जाकर किया सम्मानित, विश्व रिकॉर्ड पर जताया गर्व

Share
Link copied
Young swimmer Ishank Singh was honored by BJP leaders at his home
Young swimmer Ishank Singh was honored by BJP leaders at his home

रांची : झारखंड के उभरते नन्हे तैराक ईशांक सिंह की ऐतिहासिक उपलब्धि पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें उनके रांची स्थित आवास पर पहुंचकर सम्मानित किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने ईशांक को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

दरअसल, महज 7 वर्ष की उम्र में ईशांक सिंह ने पाक जलडमरूमध्य (Palk Strait) की करीब 29 किलोमीटर लंबी दूरी को मात्र 9 घंटे 50 मिनट में तैरकर पार कर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है। उन्होंने श्रीलंका के तलाइमन्नार से भारत के धनुषकोडी तक का यह चुनौतीपूर्ण सफर तय कर इतिहास रच दिया।

इस मौके पर आदित्य साहू ने कहा कि यह झारखंड के लिए अत्यंत गर्व और प्रेरणा का क्षण है। इतनी कम उम्र में समुद्र जैसे कठिन मार्ग को पार करना ईशांक की असाधारण प्रतिभा और निरंतर कठोर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ईशांक की यह उपलब्धि देश-प्रदेश के लाखों बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

वहीं संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि ईशांक सिंह ने अपने अद्भुत साहस और समर्पण से झारखंड ही नहीं, पूरे देश का नाम रोशन किया है। इतनी कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करना अपने आप में ऐतिहासिक है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है।

भाजपा नेताओं ने ईशांक सिंह, उनके माता-पिता और प्रशिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कामना की कि वे भविष्य में भी इसी तरह नई ऊंचाइयों को छूते रहें। इस दौरान मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रमेश सिंह भी उपस्थित रहे।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।