असम चुनाव: बीजेपी की भारी बढ़त, कांग्रेस सिमटी; झामुमो ने बदला समीकरण

गुवाहाटी :असम विधानसभा चुनाव की मतगणना के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) एक बार फिर सत्ता की ओर मजबूती से बढ़ रही है। जबकि कांग्रेस अपेक्षाओं से काफी पीछे छूट गई है। निर्वाचन आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, BJP लगभग 88 सीटों पर आगे चल रही है, वहीं कांग्रेस मात्र 24 सीटों तक सिमटती दिख रही है।
झामुमो का दखल बना टर्निंग पॉइंट!
चुनावी समीकरणों में सबसे दिलचस्प मोड़ तब आया जब सीट शेयरिंग पर सहमति न बन पाने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने असम की 17 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए। पार्टी के शीर्ष नेता और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत अन्य नेताओं ने जोरदार प्रचार अभियान चलाया।
कांग्रेस ने भी पूरी ताकत झोंक दी थी, लेकिन त्रिकोणीय मुकाबलों में उसका वोट बैंक बिखर गया। जेएमएम एक सीट पर दूसरे स्थान पर रही, जबकि 10 सीटों में तीसरे स्थान पर रही। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, झामुमो की मौजूदगी ने कांग्रेस के पारंपरिक वोटों को सीधे प्रभावित किया और BJP को आसान बढ़त दिलाई।
झारखंड पर भी पड़ेगा असर
ये रुझान सिर्फ असम तक सीमित नहीं हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि असम के नतीजे झारखंड की राजनीति को भी प्रभावित करेंगे। खासकर कांग्रेस और झामुमो के बीच भविष्य के गठबंधन, सीट शेयरिंग और रणनीति को लेकर पुनर्विचार की संभावना मजबूत हो गई है।
BJP की इस बढ़त को पार्टी अपनी विकास योजनाओं, स्थानीय मुद्दों पर फोकस और संगठनात्मक ताकत का नतीजा बता रही है। वहीं कांग्रेस ने अभी औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं में निराशा साफ दिख रही है।
















