श्री साईं सेवा वाहिनी प्रेमरथ का ग्रामीण क्षेत्रों में भव्य स्वागत, भजन-कीर्तन व महाप्रसाद में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : श्री साईं सेवा वाहिनी प्रेमरथ का जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया जा रहा है। गुरुवार को प्रेम वाहिनी सत्य श्री साईं रथ के फुलवाटांगर, तामरा एवं भेलवाड़ीह पहुंचने पर ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और मंगलाचार के साथ स्वागत किया। भक्तिभाव से ओतप्रोत श्रद्धालु भजनों के साथ रथ को निर्धारित स्थल तक लेकर पहुंचे, जहां सामूहिक भजन, आरती एवं महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया।
देर शाम सिक्रियाटांड़ में भी ग्रामीणों ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ प्रेमरथ का स्वागत किया। भजन-कीर्तन करते हुए श्रद्धालु रथ को गंतव्य स्थल तक ले गए, जहां गांव के लोगों ने बाबा सत्य साईं के दिव्य रथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद सामूहिक भजन, महाआरती एवं महाप्रसाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्या बंधु शास्त्री ने कहा कि ग्रामीणों के लिए यह गर्व और उल्लास का विषय है कि पुट्टपर्थी से चलकर बाबा सत्य साईं का प्रेम वाहिनी रथ गांव तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि बाबा सत्य साईं मानवता, प्रेम और सेवा का संदेश देते हुए “नर सेवा ही नारायण सेवा” का मार्ग दिखा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बाबा के दिव्य रथ के दर्शन एवं पूजा-अर्चना का सौभाग्य पूर्व जन्म के पुण्य कर्मों से प्राप्त होता है।
इस अवसर पर गणपति बड़ाइक, उदयकांत प्रसाद, रणजीत साहू, शीला देवी, सुमति कुमारी, रणजीत चौधरी, शशिकांत गुप्ता, शंभूनाथ गोस्वामी, मनीषा कुमारी, मितेश कुमार, लखपति राम सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित थे।





















