जमशेदपुर में स्कूल परिसर से नाबालिग किशोरी का शव बरामद, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित सोपोडेरा इलाके में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में एक नाबालिग किशोरी का शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में भारी भीड़ जुट गई और लोगों में आक्रोश फैल गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह स्कूल परिसर में शव पड़े होने की सूचना मिली, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। किशोरी की स्थिति को देखकर लोगों ने आशंका जताई कि उसके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलने के बाद परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा सकें।
स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और अन्य पहलुओं पर स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
















