रांची: 18 माह की मासूम अदिति का सुराग नहीं, आक्रोशित परिजनों ने कोकर चौक में प्रदर्शन, पुलिस की जांच पर उठाए सवाल

रांची: राजधानी के कोकर इलाके से लापता 18 महीने की मासूम अदिति पांडे के मामले में पुलिस के खाली हाथ होने से अब स्थानीय लोगों और परिजनों का धैर्य जवाब दे गया है। मंगलवार को गुस्साए परिजनों और सैकड़ों स्थानीय लोगों ने कोकर चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया । प्रदर्शनकारियों की मांग है कि पुलिस मामले को गंभीरता से ले और जल्द से जल्द बच्ची को ढूंढ कर लाए।
‘नाला नहीं, साजिश की हो जांच’
घटना के चौथे दिन भी अदिति का कोई सुराग नहीं मिलने से आहत पिता और परिजनों ने पुलिस की जांच की दिशा पर गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि पुलिस का पूरा ध्यान केवल नाले में सर्च ऑपरेशन चलाने पर केंद्रित है, जबकि उन्हें अंदेशा है कि बच्ची नाले में नहीं है। पीड़ित परिवार ने मांग की है कि पुलिस अब किडनैपिंग (अपहरण)के एंगल से जांच शुरू करे और आसपास के संदिग्धों से पूछताछ करे।
कोकर चौक पर प्रदर्शन
स्थानीय लोग बच्ची का बैनर हांथ में लिए हुए थे। उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि राजधानी के बीचों-बीच से एक बच्ची लापता हो जाती है और प्रशासन अब तक यह भी पता नहीं लगा सका है कि वह आखिर गई कहां।
NDRF की मेहनत रही अब तक नाकाम
गौरतलब है कि अदिति के लापता होने के बाद से ही NDRF और नगर निगम की टीमों ने कोकर से लेकर आगे तक के बड़े नालों को कई बार खंगाला है। ड्रोन और आधुनिक कैमरों की भी मदद ली गई, लेकिन नाले से बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। इसी कारण अब ‘किडनैपिंग’ का शक और गहरा गया है।

















