बोकारो: सिटी सेंटर में चेन स्नैचिंग की कोशिश नाकाम, बाइक फिसलने पर आरोपी को भीड़ ने दबोचा; जमकर हुई धुनाई
बोकारो (bokaro) : शहर के व्यस्ततम इलाके सिटी सेंटर में शुक्रवार को एक वारदात होते-होते रह गई। सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक बाइक सवार अपराधी ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली, लेकिन भागने की कोशिश में उसकी किस्मत ने साथ नहीं दिया और वह सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी।
बाजार से लौट रहे दंपती को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने पति प्रवीण कुमार के साथ सिटी सेंटर बाजार में खरीदारी करने के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाइक सवार अपराधी ने पीछे से झपट्टा मारा और महिला के गले से सोने की चेन छीनकर तेज रफ्तार में भागने लगा। महिला और उनके पति के शोर मचाते ही आसपास के लोग सतर्क हो गए।
बाइक फिसलते ही भीड़ ने …
चेन छीनकर भाग रहे बदमाश ने जैसे ही बाइक की रफ्तार बढ़ाई, कुछ ही दूरी पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। आरोपी खुद को संभालकर भागने की कोशिश कर ही रहा था कि स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। गुस्से में आई भीड़ ने आरोपी की जमकर धुनाई कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-4 थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से आरोपी को छुड़ाकर हिरासत में लिया। मारपीट में घायल होने के कारण आरोपी को इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) में भर्ती कराया गया है।
महाराष्ट्र-MP गिरोह के शामिल होने का संदेह
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। पुलिस को संदेह है कि पकड़ा गया आरोपी महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से जुड़े किसी अंतर्राज्यीय चेन स्नैचिंग गिरोह का सदस्य हो सकता है। यह गिरोह अक्सर शहर बदल-बदलकर वारदातों को अंजाम देता है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।
पुलिस ने बरामद की चेन
पीड़िता के पति प्रवीण कुमार ने इस मामले में सेक्टर-4 थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटी गई सोने की चेन बरामद कर ली है।
इसे भी पढ़े : रांची पुलिस की बड़ी कामयाबी: बस ड्राइवर पर फायरिंग, रंगदारी मांग रहे अपराधियों को रंगे हाथ पकड़ा, 4 गिरफ्तार


















