राँची में मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला से चेन-झुमका लूटने वाले तीन शातिर गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किया लूटा गया सामान
राँची: कोतवाली थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक के दौरान एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाने वाले तीन लुटेरों को राँची पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर धर दबोचा है। गिरफ्तार अपराधियों में से दो का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल और लूटे गए गहने बरामद कर लिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 25 मई 2026 की सुबह लगभग 06:00 बजे की है। हरमू बाईपास रोड निवासी 75 वर्षीय कृष्णा देवी रोज की तरह मॉर्निंग वॉक से लौट रही थीं। इसी दौरान शिवगंज गली नंबर-03 स्थित एक ब्यूटी पार्लर के समीप पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन अपराधियों ने उन्हें रोका और झपट्टा मारकर कान का झुमका और गले की चेन छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी तेजी से फरार हो गए।
पीड़ित भानु प्रताप नाथ शाहदेव (वादी) के आवेदन पर कोतवाली थाना में मामला दर्ज (काण्ड संख्या: 115/2026) किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने छापेमारी की और तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान और आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस की गिरफ्त में आए तीनों आरोपी राँची और बिहार के रहने वाले हैं:
1. रोहित कुमार ठाकुर (26 वर्ष):मूलतः औरंगाबाद (बिहार) का रहने वाला है और वर्तमान में किशोरगंज, राँची में रह रहा है। इसके खिलाफ सुखदेवनगर और जगरनाथपुर थानों में एनडीपीएस एक्ट और लूटपाट के 9 गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।
2. रोहित राज (23 वर्ष): किशोरगंज रोड नंबर-04 का निवासी है। उस पर पूर्व में लूट और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।
3. अमन सिंह (26 वर्ष): किशोरगंज रोड नंबर-08 का निवासी है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने के आभूषण (झुमका, लटकन और गला की चेन), घटना में उपयोग की गई पल्सर मोटरसाइकिल (JH01AG 9851), तीन एंड्राएड मोबाइल और दो मास्क बरामद किए हैं।

















