नगड़ी स्थित ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण, उपायुक्त ने दिए सुरक्षा और रखरखाव के निर्देश

रांची : उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने शनिवार को नगड़ी स्थित ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) वेयरहाउस का मासिक बाह्य निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, रखरखाव तथा तकनीकी उपकरणों की स्थिति का जायजा लिया गया।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी रांची विवेक कुमार सुमन, नगड़ी के अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा नियमित निगरानी जारी रखने पर बल दिया।
जिला प्रशासन ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ईवीएम वेयरहाउस का निर्धारित अंतराल पर निरीक्षण किया जाता है। निरीक्षण के बाद वेयरहाउस के रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी उपकरणों की स्थिति संबंधी रिपोर्ट राज्य निर्वाचन विभाग को भेजी जाती है। उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम की सुरक्षा और संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता है।

















