पूर्व राष्ट्रीय तीरंदाज राजू मांझी और हॉकी खिलाड़ी रेशमा कुमारी विवाह बंधन में बंधे, खेल जगत ने दी शुभकामनाएं

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा: जिले के केरसई प्रखंड अंतर्गत करवारजोर टोंगरी टोली निवासी पूर्व राष्ट्रीय तीरंदाजी खिलाड़ी एवं कोच राजू मांझी विवाह बंधन में बंध गए हैं। उनका विवाह ठेठईटांगर प्रखंड के जामबहार निवासी रेशमा कुमारी के साथ पारंपरिक रीति-रिवाज और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। रेशमा कुमारी भी हॉकी और फुटबॉल की खिलाड़ी रही हैं।
विवाह समारोह में गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया तथा नवदंपति को शुभाशीष दिया। समारोह में खेल जगत से जुड़े कई खिलाड़ी, पदाधिकारी और खेल प्रेमी भी उपस्थित रहे। रेशमा कुमारी के पिता चंदर प्रधान क्षेत्र के जाने-माने खेल प्रेमी हैं। उन्होंने अपने गांव जामबहार में खेल मैदान के विकास के लिए निजी जमीन दान देकर खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इस अवसर पर हॉकी झारखंड के उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी, कमलेश्वर मांझी, वेद प्रकाश सहित कई गणमान्य लोगों ने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।
हॉकी झारखंड के उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने कहा कि राजू मांझी ने तीरंदाजी के साथ-साथ हॉकी के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। एक कुशल खिलाड़ी के रूप में पहचान बनाने के बाद वे प्रशिक्षक के रूप में भी लगातार खिलाड़ियों को मार्गदर्शन दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसी वर्ष जनवरी में राजू मांझी को सिमडेगा जिला टीम के कोच के रूप में राजगीर भेजा गया था, जहां टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया था।
समारोह में मौजूद लोगों ने नवदंपति के उज्ज्वल भविष्य, सुख, समृद्धि और सफल दांपत्य जीवन की कामना की। खेल जगत के लोगों ने इस विवाह को जिले के लिए गर्व और खुशी का अवसर बताया।
















