महिलाओं की मंईयां सम्मान योजना में पुरुष की एंट्री, फर्जीवाड़े का खुलासा; बीडीओ ने दर्ज कराई एफआईआर

शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा/जलडेगा : झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मंईयां सम्मान योजना में सिमडेगा जिले के जलडेगा प्रखंड से फर्जीवाड़े का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। टीनगिना पंचायत के एक युवक पर महिला बनकर योजना का लाभ लेने और सरकारी राशि प्राप्त करने का आरोप लगा है। मामले का खुलासा होने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, जेएसएलपीएस की महिलाओं द्वारा आयोजित सत्यापन शिविर के दौरान लाभुकों की सूची की जांच की जा रही थी। इसी क्रम में टीनगिना पंचायत निवासी पंकज नाग का नाम योजना के लाभुक के रूप में दर्ज पाया गया। जांच में सामने आया कि जून 2025 से मार्च 2026 के बीच उसके बैंक खाते में योजना के तहत करीब 30 हजार रुपये की सम्मान राशि हस्तांतरित की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जलडेगा प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) डॉ. प्रवीण कुमार ने आरोपी पंकज नाग और संबंधित प्रज्ञा केंद्र संचालक कुमार चानक्य के खिलाफ जलडेगा थाना में एफआईआर दर्ज कराई है।
प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन सीएससी आईडी के माध्यम से किया गया था। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए आरोपी से प्राप्त पूरी राशि की रिकवरी कर उसे सरकारी नजारत खाते में जमा करा दिया है। इसके अलावा संबंधित बैंक खाते को भी होल्ड कर दिया गया है।
पंचायत स्तर पर संभावित लापरवाही को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित पंचायत सचिव से भी स्पष्टीकरण मांगा है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बीडीओ डॉ. प्रवीण कुमार ने कहा कि मंईयां सम्मान योजना में किसी भी प्रकार की अनियमितता, फर्जीवाड़ा या धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के सामने आने के बाद प्रखंड क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। प्रशासन अब योजना के लाभुकों के सत्यापन अभियान को और तेज करने की तैयारी में जुट गया है, ताकि केवल पात्र महिलाओं को ही योजना का लाभ मिल सके।
















