महिलाओं की मंईयां सम्मान योजना में पुरुष की एंट्री, फर्जीवाड़े का खुलासा; बीडीओ ने दर्ज कराई एफआईआर

Share
Link copied
A man's entry into the women's Mainiyan Samman Yojana revealed fraud; BDO filed an FIR
A man’s entry into the women’s Mainiyan Samman Yojana revealed fraud; BDO filed an FIR

शंभू कुमार सिंह

सिमडेगा/जलडेगा : झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मंईयां सम्मान योजना में सिमडेगा जिले के जलडेगा प्रखंड से फर्जीवाड़े का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। टीनगिना पंचायत के एक युवक पर महिला बनकर योजना का लाभ लेने और सरकारी राशि प्राप्त करने का आरोप लगा है। मामले का खुलासा होने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।

जानकारी के अनुसार, जेएसएलपीएस की महिलाओं द्वारा आयोजित सत्यापन शिविर के दौरान लाभुकों की सूची की जांच की जा रही थी। इसी क्रम में टीनगिना पंचायत निवासी पंकज नाग का नाम योजना के लाभुक के रूप में दर्ज पाया गया। जांच में सामने आया कि जून 2025 से मार्च 2026 के बीच उसके बैंक खाते में योजना के तहत करीब 30 हजार रुपये की सम्मान राशि हस्तांतरित की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जलडेगा प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) डॉ. प्रवीण कुमार ने आरोपी पंकज नाग और संबंधित प्रज्ञा केंद्र संचालक कुमार चानक्य के खिलाफ जलडेगा थाना में एफआईआर दर्ज कराई है।

प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन सीएससी आईडी के माध्यम से किया गया था। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए आरोपी से प्राप्त पूरी राशि की रिकवरी कर उसे सरकारी नजारत खाते में जमा करा दिया है। इसके अलावा संबंधित बैंक खाते को भी होल्ड कर दिया गया है।

पंचायत स्तर पर संभावित लापरवाही को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित पंचायत सचिव से भी स्पष्टीकरण मांगा है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बीडीओ डॉ. प्रवीण कुमार ने कहा कि मंईयां सम्मान योजना में किसी भी प्रकार की अनियमितता, फर्जीवाड़ा या धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के सामने आने के बाद प्रखंड क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। प्रशासन अब योजना के लाभुकों के सत्यापन अभियान को और तेज करने की तैयारी में जुट गया है, ताकि केवल पात्र महिलाओं को ही योजना का लाभ मिल सके।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।