चुटिया में महिला की संदिग्ध मौत, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

रांची : राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव शनिवार देर शाम उसके किराये के मकान से बरामद किया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि महिला की मौत आत्महत्या से हुई है या फिर उसकी हत्या की गई है।
मृतका की पहचान पूजा उर्फ रानी गुप्ता के रूप में हुई है, जो मूल रूप से खेलारी क्षेत्र की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि वह करीब डेढ़ महीने पहले ही चुटिया थाना क्षेत्र स्थित एक किराये के मकान में रहने आई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को सिटी डीएसपी केवी रमन के नेतृत्व में पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पहुंची। जांच टीम में चुटिया थाना के सब इंस्पेक्टर भवेश कुमार, जितेंद्र मिश्रा, निरंजन महतो, स्पेशल ब्रांच के सब इंस्पेक्टर एकलव्य केशरी तथा एफएसएल की टीम शामिल थी। टीम ने उस कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया, जहां से महिला का शव बरामद हुआ था।
प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। सिटी डीएसपी केवी रमन ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मृतका के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।

















