जमशेदपुर: बिष्टुपुर में फायर ब्रिगेड की चपेट में आने से युवक मौत, लोगों में भारी आक्रोश
नीरज तिवारी / जमशेदपुर
जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में जुगसलाई निवासी एक युवक की जान चली गई। टाटा स्टील फायर ब्रिगेड की गाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
क्या है पूरा मामला?
मृतक की पहचान जुगसलाई के पी.बी. रोड, मस्जिद गली निवासी मो. हूषाम अख्तर (44 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक बाइक से कहीं जा रहा था, तभी वह फायर ब्रिगेड की गाड़ी की चपेट में आ गया। बाइक सवार हेलमेट पहने हुए था, लेकिन टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गाड़ी के पिछले पहिए के नीचे आ गया।
अस्पताल के पास होने के बावजूद नहीं मिली मदद
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के बाद युवक लगभग आधे घंटे तक सड़क पर तड़पता रहा, लेकिन उसे समय पर चिकित्सा सहायता नहीं मिल सकी। लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि घटनास्थल के बेहद करीब ही टाटा मेन अस्पताल (TMH) और बिष्टुपुर थाना स्थित हैं, फिर भी एम्बुलेंस या मेडिकल सहायता पहुँचने में काफी देरी हुई।
लोगों का कहना है कि यदि त्वरित इलाज मिल जाता, तो शायद हूषाम अख्तर की जान बचाई जा सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद से ही स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। लोगों ने मांग की है कि प्रशासन भविष्य में ऐसी घटनाओं के लिए आपातकालीन सेवाओं को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाए और दोषियों पर उचित कार्रवाई करे।
इसे भी पढ़े :
झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भाजपा का हमला, राफिया नाज ने सरकार से मांगा जवाब
बंगाल मंत्रिमंडल विस्तार में क्रिकेट की एंट्री, पूर्व तेज गेंदबाज़ अशोक डिंडा बने मंत्री
3 महीने से वेतन नहीं मिलने पर फूटा रिम्स कर्मियों का गुस्सा, डायरेक्टर कार्यालय का 3 घंटे तक घेराव
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने की शिष्टाचार मुलाकात

















