जमशेदपुर पुलिस ने सुलझाया नामदा बस्ती फायरिंग कांड, चार अपराधी गिरफ्तार

नीरज तिवारी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के नामदा बस्ती में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया लोडेड पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, 26 और 27 मई की रात नामदा बस्ती में हुई दो अलग-अलग गोलीबारी की घटनाओं के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की थी। सिटी एसपी के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी दल ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान रविंद्र कुमार ठाकुर, बलराम सिंह उर्फ छोटू, अमन सिंह और विकास सिंह गिल के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि विकास सिंह गिल इस पूरे गोलीकांड का मुख्य साजिशकर्ता था। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर हथियार और अन्य सामान बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपी पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि क्षेत्र में दहशत फैलाने और रंगदारी वसूली के उद्देश्य से गोलीकांड को अंजाम दिया गया था।
पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और संभावित रूप से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़े :
पश्चिमी सिंहभूम: अंधविश्वास में महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
चाईबासा पुलिस की कामयाबी: अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 20 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
रांची समेत पूरे झारखंड में आज गर्मी का प्रकोप, दोपहर बाद आंशिक बादल और गरज-चमक की संभावना















